20 साल में हरियाणा में 10 फीसदी बढ़ा महिलाओं का मतदान प्रतिशत
बीते 20 साल में हरियाणा में लोकसभा चुनावों में महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ी है। दो दशकों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत करीब 11 फीसदी बढ़ा है, मगर इसके बावजूद वह अभी मतदान करने में पुरुषों से आगे नहीं निकल सकी हैं। हालांकि पिछले चुनाव में दोनों के मतदान प्रतिशत में कोई खास अंतर नहीं था। 2019 के लोकसभा चुनाव में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 70.25 फीसदी था, जबकि महिलाओं का 69.55 फीसदी। दोनों में सिर्फ 0.72 फीसदी का अंतर था।
बीते 20 साल में पुरुषों के मतदान का ट्रेंड देखे तो खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। दो दशक में पुरुषों के मतदान में सिर्फ 2.06 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि चुनाव आयोग मतदान के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए काफी प्रयास कर रहा है। आयोग ने बूथ स्थर पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ग्रुप बनाए हैं। इसके साथ पहली बार जिला स्तर पर इलेक्शन आइकॉन बनाए गए हैं, जो लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा का मतदान प्रतिशत राष्ट्रीय मतदान प्रतिशत से आगे रहा है। पिछली बार कुल मतदान 70.34 फीसदी हुआ था। इस बार लक्ष्य 75 फीसदी रखा गया है। महिला और पुरुष दोनों को मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस बार उम्मीद है कि पिछली बार से ज्यादा मतदान होगा।
सोनीपत और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर मतदान करने में महिलाएं आगे रहीं। सोनीपत में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 70.61 फीसदी रहा, जबकि पुरुषों का 70.52 फीसदी था। इसी तरह से भिवानी महेंद्रगढ़ में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 70.44 फीसदी और पुरुषों का 68.4 फीसदी रहा। पिछले लोकसभा चुनाव में थर्ड जेंडर का मतदान प्रतिशत करीब 14.37 फीसदी रहा। वहीं, किसी एनआरआई ने वोट नहीं डाला, जबकि 73 हजार वोट पोस्टल बैलेट पेपर से डाले गए थे।
बीते पांच लोकसभा चुनावों में मतदान का ट्रेंड
साल पुरुष महिला कुल वोट प्रतिशत
2019 70.27 69.55 70.34
2014 73.44 69.68 71.45
2009 68.82 65.84 67.49
2004 68.11 62.80 65.72
1999 68.21 58.27 63.68
इस बार भी युवाओं में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या कम
हरियाणा में इस बार एक करोड़ 98 लाख 23 हजार 168 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 18 से 29 साल के वर्ग में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या काफी कम है। 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं में 2,43,133 पुरुष मतदाता और 1,20,339 महिलाएं हैं। 20-29 आयु वर्ग में पुरुषों की संख्या 23,30,286 और महिलाओं की संख्या सिर्फ 15,96,646 है।